आजमगढ़ः देवगांव में दूल्हे की हत्या के बाद विवाहिता को गोली से उड़ाया, पति पर आरोप
आजमगढ़ में देवगांव कोतवाली क्षेत्र में तीन दिनों में दूसरी सनसनीखेज वारदात को अंजाम दे दिया गया। यहां दूल्हे की गोली मारकर हत्या के बाद एक विवाहिता की गोली मारकर जान ले ली गई। देवगांव के कैथीशंकरपुर गांव में गुरुवार की शाम वारदात हुई। घर के बरामदे में बैठी 28 वर्षीया विवाहिता को गोली से उड़ा दिया गया। पुलिस के अनुसार पति ने ही वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक त्रिवेणी सिंह भी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की।
देवगांव कोतवाली के कैथीशंकरपुर गांव की रमाकांत सिंह के बेटे दीपक सिंह की पत्नी प्रज्ञा सिंह गुरुवार की शाम घर के बरामदे में बैठी थी। इस बीच लगभग सवा छह बजे उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़ पड़े। मौके पर पहुंचे तो प्रज्ञा खून से लथपथ पड़ी थीं। उसके मुंह में गोली मारी गई थी।
विवाहिता की गोली मार कर हत्या की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। देवगांव कोतवाली प्रभारी निरीक्षक के साथ ही क्षेत्राधिकारी, एसपी सिटी पंकज पांडेय मौके पर पहुंचे।विवाहिता के पिता सहित मायके के अन्य लोग भी पहुंच गए। विवाहिता की दो साल पहले शादी हुई थी।
पुलिस अधीक्षक त्रिवेणी सिंह ने बताया कि पति ने ही गोली मारकर हत्या की है। मौके पर आए विवाहिता के पिता ने बताया कि दामाद ने हत्या कर उसे फोन कर बताया कि तुम्हारी बेटी को गोली मार दी है। इस पर हत्या के आरोप में पति के साथ ही सास, ससुर को हिरासत में ले लिया गया है।